24 अगस्त 2015 - 14:06
 इराक़ में सैनिक कार्यवाही, कई आतंकवादी ढेर।

इराक़ में वायु सेना ने तकफ़ीरी आतंकियों के ख़िलाफ़ विभिन्न इलाक़ों में कार्यवाही की जिसमें दसियों आतंकी ढेर हो गए।

इराक़ में वायु सेना ने तकफ़ीरी आतंकियों के ख़िलाफ़ विभिन्न इलाक़ों में कार्यवाही की जिसमें दसियों आतंकी ढेर हो गए।
इराक़ी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इराक़ी वायु सेना ने पश्चिमी प्रांत अंबार में आई एस आई एल के ठिकानों को निशाना बनाया।
इसी प्रकार इराक़ी युद्धक विमानों ने बग़दाद से 30 किलोमीटर उत्तर में स्थित दजला शहर में और सलाहुद्दीन प्रांत के बीजी शहर में आई एस आई एल के ठिकानों पर हमला किया।
इराक़ी रक्षा मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, “इराक़ की वायु सेना की कार्यवाही के बाद अंबार, दजला और बीजी की सैन्य इकाइयों ने आई एस आई एल के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया जिसमें बहुत से आतंकी मारे गए।”
इस विज्ञप्ति के अनुसार, इराक़ी सेना के हवाई हमले में ऐसे बहुत से वाहनों को ध्वस्त कर दिया गया जिसमें आतंकवादी हमलों के लिए विस्फोटक पदार्थ लदे हुए थे।
इराक़ी वायु सेना ने नैनवा प्रांत में तलअफ़्र शहर के उपनगरीय इलाक़ों में आई एस आई एल के कई ठिकानों पर बमबारी की जिसमें दसियों आतंकी मारे गए। यह बमबारी तलअफ़्र के अलआशिक़, अलमज़रा, अलवहदा, दारुल मोअल्लेमीन और मफ़रक़ुल अयाज़िया गावों पर की गयी।
इराक़ के सैन्य सूत्रों ने बताया कि इस कार्यवाही के दौरान आई एस आई एल का एक सरग़ना मारा गया जिसका नाम वाली अलजज़ीरा था।
दूसरी ओर इराक़ी थल सेना ने रविवार को दक्षिणी बग़दाद के अरब अलजबूर और अस्सियाफ़िया इलाक़ों में विस्फोटक फन्दों को नाकाम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यवाही की।